उदयपुर हत्याकांड के दो आरोपियों गौस मोहम्मद और रियाज जब्बार को अरेस्ट कर लिया गया है। NIA और SIT इनसे पूछताछ के लिए उदयपुर पहुंच चुकी है। इस हत्याकांड की जांच अब NIA अपने हाथ में लेगी। गृह मंत्री अमित शाह के ऑफिस ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि NIA को पूरे मामले की जांच करने को कहा गया है। इस केस में किसी संगठन और अंतरराष्ट्रीय भूमिका की भी गहन जांच-पड़ताल की जाएगी।
इधर, उदयपुर में दर्जी की तालिबानी तरीके से हत्या के बाद पूरे शहर में पुलिस तैनात कर दी गई है। 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू है। राजस्थान में ऐहतियातन 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। एक महीने के लिए धारा 144 लागू की गई है।
घटना के विरोध में उदयपुर समेत झालावाड़, डूंगरपुर, राजसमंद समेत कई शहर बंद हैं। मृतक कन्हैयालाल साहू का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर घर से श्मशान घाट ले जाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- क्या प्लान और षड़यंत्र था? किससे लिंक है? अंतरराष्ट्रीय लिंक है क्या? इन सभी बातों का खुलासा होगा। कुछ असामाजिक तत्व हैं, जब तक वे न जुड़ें तब तक ऐसी घटना नहीं होती। इस एंगल से भी जांच जारी है।
उधर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया भी कन्हैयालाल के परिजनों से मिलने उदयपुर पहुंचे। उन्होंने कहा- सरकार का इंजिलेन्स फेल्योर है। अपराधियों में अब भय नहीं रहा।
इधर, कन्हैयालाल के अंतिम संस्कार को लेकर उनके परिवार और पुलिस के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने कहा कि घर के पास ही अंतिम संस्कार कर दिया जाए। परिवार और समाज शहर के सबसे बड़े अशोक नगर श्मशान में अंतिम संस्कार की मांग कर रहे थे। हालांकि बाद में समाज की मांग पर पुलिस ने अशोक नगर श्मशान घाट पर अंत्येष्टी की मंजूरी दे दी।