डोल तालाब का होगा भव्य सौंदर्यीकरण, 50 करोड़ हुए पारित
देश के मुख्यमंत्री की ओर से शुक्रवार को विधानसभा में बजट रिप्लाई के तहत कई घोषणाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बारां जिले को कई सौगातें दी हैं। इसके तहत केलवाड़ा और सीसवाली को नगर पालिका बनाने की घोषणा की है। साथ ही ऐतिहासिक डोल तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 50 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है।
शाहाबाद में खुलेगा गर्ल्स कॉलेज
मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं के तहत शाहबाद में गर्ल्स कॉलेज खोला जाएगा। जिले के कस्बाथाना, देवरी और भंवरगढ़ में 3 सहरिया गर्ल्स हॉस्टल और शाहबाद में अन्य जनजातियों के लिए गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इन पर 12 करोड़ रुपए खर्च होंगे। गर्ल्स हॉस्टल समरानियां में 50, गर्ल्स कॉलेज हॉस्टल शाहबाद में 75 अतिरिक्त छात्राओं के लिए क्षमता वृद्धि की जाएगी। अटरु के किशनपुरा बंदा सड़क पर 6 करोड़ की लागत से पुलिया, किशनगंज में भैंसासुर बाणगंगा नदी पर 42 करोड़ की लागत से पुलिया निर्माण, बरखेड़ा एनएच 27 से अंता-सांगोद सड़क 2 लेन से फोरलेन के लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया है। सोरसन में ब्रह्माणी माताजी मंदिर तक टू लेन सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए, भडसुई से नहर पर होते हुए घींसरी वाया फतेहपुर सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
जिले में कई सड़कों और पुलियाओं के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे। रामगढ़ क्रेटर को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए कई विकास कार्य करवाए जाएंगे। परवन वृहद् सिंचाई परियोजना में अटरू के 17, अंता के 10 और मांगरोल के 10 वंचित गांवों को शामिल करने के लिए डीपीआर तैयार करवाने की घोषणा की है। जिले के लिए हुई घोषणाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने खुशी जताई है। देवरी और सहरोद में 132 केवी जीएसएस और तुलसां, माल बमोरी, मियाडा में 33 केवी जीएसएस बनाए जाएंगे। युवाओं को वन क्षेत्रों में हाइकिंग, ट्रेकिंग, कैम्पिंग और अन्य रोमांचकारी गतिविधियों से जोड़ने के लिए रामगढ़ क्रेटर सहित प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर 10 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। किशनगंज क्षेत्र में कालीसोत तालाब की नहरों का 5 करोड़ की लागत से जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। अंता में मिनी सचिवालय का निर्माण करवाया जाएगा। किशनगंज क्षेत्र के रेलावन में उपतहसील कार्यालय खोला जाएगा।