24/09/2023
देश राजनीति राजस्थान

जयपुर में पुलिस से भिड़े BJP कार्यकर्ता, खदेड़ा-पानी की बौछार

पेपरलीक को लेकर प्रदर्शन, पूनिया-राठौड़ हिरासत में; सालासर में राजे ने गहलोत को घेरा

एक ही दिन भाजपा के दो कार्यक्रमों से राजस्थान में सियासी पारा चढ़ा रहा। पेपरलीक के मुद्दे पर जयपुर में कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध-प्रदर्शन किया, जबकि अपने जन्मदिन से पहले पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने सालासर में जनसभा की। उन्होंने बालाजी मंदिर में पूजा-पाठ भी किया। इसे राजे के शक्ति-प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

शनिवार को जयपुर में BJP के हजारों कार्यकर्ता जुटे। पार्टी ऑफिस से ये सभी विरोध-प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री आवास को घेरने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने इन्हें सिविल लाइंस फाटक पर रोक दिया। यहां भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने लाठियां भांजते हुए उन्हें खदेड़ दिया। वाटर कैनन से पानी की बौछारें भी छोड़ीं। प्रदर्शन अब भी जारी है। पुलिस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ को हिरासत में ले लिया है।

उधर, चूरू के सालासर की जनसभा में राजे ने कहा कि मैं संगठन की कार्यकर्ता के रूप में मोदी जी और नड्डा जी के नेतृत्व में चल रही हूं और आप सबको चला रही हूं। इस दौरान वे भाजपा के कद्दावर नेता रहे और पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत को याद करते हुए भावुक भी हुईं। राजे ने कहा कि वे मेरे राजनीतिक गुरु थे और आज में जो हूं उन्हीं की वजह से हूं।

राजे बोलीं- मुझे प्यार है आप सबसे 

सालासर में रैली के दौरान बजरंग बली के जयकारे लगे। राजे ने ‘हे बजरंग बली हनुमान, हे महावीर करो कल्याण।’ जयकारा बोलकर अपने भाषण की शुरुआत की। फिर भीड़ की तरफ हाथ करके बोलीं, ‘मुझे प्यार है आप सबसे। मेरे सालगिरह के दिन राजस्थान के कोने-कोने से लोग आकर मुझे प्यार देते हैं।

राजमाता ने मुझे यह सिखाया था, राजस्थान की भूमि के लिए जान भी देनी पड़े तो पीछे मत हटना।’ वे बोलीं कि- चार साल में उतार चढ़ाव में आपने मेरा साथ नहीं छोड़ा।

आपने पहली बार 2003 में 120 सीटों के साथ भाजपा को जिताया। 2013 में मैंने सुराज संकल्प यात्रा में देखा कि कांग्रेस ने प्रदेश का क्या हाल कर दिया? आपने इतिहास रचा और विधानसभा में 163 और लोकसभा में 25 सीटें दीं।

कांग्रेस पर साधा निशाना 

राजे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- 2018 में कांग्रेस आई और हमारी सारी योजनाएं बदल दीं। भामाशाह योजना बंद कर दी और नाम बदलकर चिरंजीवी योजना शुरू की और अब मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है। 10 लाख की बजाय 11 हजार रुपए भी एक मरीज पर खर्च नहीं हुआ।

‘राजस्थान जल रहा, मुख्यमंत्री से चैन से सो रहे’ 

राजे ने प्रदेश की सुरक्षा पर भी सवाल उठाते हुए कहा- न महिला, न किसान और न युवा सुरक्षित हैं। आज सुरक्षा दिवस पर ये हाल है। राजस्थान जल रहा है, मुख्यमंत्री चैन से सो रहे हैं। जनता जाग गई है, अब उनकी कुर्सी नहीं बचेगी।

मंदिरों को तोड़कर लोगों की आस्था पर चोट की जा रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है, छोटे से छोटा काम भी बिना पैसे के नहीं हो रहा।

कैग की रिपोर्ट में अवैध खनन का भ्रष्टाचार का जिक्र है। कर्जा माफी का क्या हुआ? किसानों का 2022-23 में जो बीमा होना था, वो नहीं हुआ। बिजली का हाल सबको पता है, मेरे पास किसानों के फोन आते हैं, बिजली नहीं आ रही।

Related posts

LAC पर भारत और चीन के सैनिकों में एक बार फिर झड़प, कई घायल, भारतीय सेना ने दिखाई बहादुरी- राजनाथ

Such Tak

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थापना दिवस सुरेश पटियाल ब्लॉक अध्यक्ष व् अनीता वर्मा पूर्व महिला राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष एवम् पूर्व विधायक हमीरपुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई

Web1Tech Team

मेरी तो ताकत झटक गई, तुम श्मशान में ठिठोली करोगे- मंत्री भाया

Such Tak