लंबे तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे यूक्रेन पर हमला बोल दिया। मिसाइल हमले में यूक्रेन के 9 नागरिकों की मौत हो गई है। रूस की फौज यूक्रेन के कई इलाकों में पहुंच चुकी है। कई पैराट्रूपर्स यूक्रेन के मिलिट्री इंस्टॉलेशन्स पर उतारे गए हैं। इधर, यूक्रेन ने भारत से मदद मांगी है तो दूसरी तरफ, यूरोपीय यूनियन ने रूस की इकोनॉमी तबाह करने की धमकी दी है। यूक्रेन के भारत में एम्बेसेडर ने कहा- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति से बात करें। मोदी का वर्ल्ड लीडर के तौर पर जो रसूख है, उसकी वजह से पुतिन उनकी बात जरूर सुनेंगे।
उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसने 6 रूसी फाइटर जेट्स को मार गिराया है। बताया जाता है कि यूक्रेन के कई गांव पर रूसी सेना का कब्जा हो गया है। यहां सिलसिलेवार धमाके हो रहे हैं। इस बीच, बेलारूस बॉर्डर से भी रूस ने हमला बोल दिया। रूस अब तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है। दूसरी तरफ, NATO भी अब रूस के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। हैरानी की बात यह है रूसी राष्ट्रपति जहां हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं, वहीं उनकी सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन पर अब तक कोई हमला नहीं किया।
पुतिन का ऐलान और फौरन हमला
इसके पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने नेशनल टेलिविजन पर हमले का ऐलान किया। धमकाने वाले अंदाज में बोले कि रूस और यूक्रेन के बीच किसी ने भी दखल दिया तो अंजाम बहुत बुरा होगा। उनका इशारा अमेरिका और NATO फोर्सेस की तरफ था।
इस बयान के 5 मिनट के भीतर यूक्रेन में राजधानी कीव समेत कई प्रांतों में 12 धमाके हुए। राजधानी कीव पर मिसाइल अटैक भी हुआ। वहां एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। इस कदम के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों के रेस्क्यू मिशन को भी रोकना पड़ा। यूक्रेन गई एयरइंडिया की फ्लाइट खतरे के अलर्ट के चलते वापस लौट आई।
हमले का यूक्रेन ने भी जवाब दिया और रूसी विमानों को मार गिराया। यूक्रेन ने कहा कि हम इस हमले का जवाब देंगे और इस जंग को जीतेंगे। यही वक्त है, जब पूरी दुनिया को रूस को जवाब देना चाहिए और उसे रोकना चाहिए।
थोड़ी देर बाद यूक्रेन ने एक और बयान जारी किया। यूक्रेन ने कहा कि हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारुस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर प्रांतों में हमले जारी हैं।

यूक्रेन-रूस युद्ध से जुड़े अहम अपडेट्स…
- रूस-यूक्रेन विवाद में एक बार फिर चीन के साथ खड़ा नजर आ रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका और पश्चिमी देशों ने रूस पर जो प्रतिबंध लगाए हैं, उनका कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इस तरह की हरकतों से विवाद हल होने के बजाए और बढ़ेगा।
- यूक्रेन के दिल्ली में एम्बेसेडर ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में दखल देने की अपील की है। यूक्रेन के एम्बेसेडर ने कहा- भारत ने हमेशा सही बात का पक्ष लिया है। हम उम्मीद करते हैं प्राइम मिनिस्टर मोदी इस मामले को सुलझाने और हमारे लोगों की जान बचाने में मदद करेंगे। भारत और यूक्रेन के बीच पुराने रिश्ते हैं।
- यूरोपीय यूनियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सला वान डेर लिन ने पहली बार सामने आकर रूस को खुली धमकी दी है। लिन ने कहा- अब जवाब देने का वक्त आ गया है। अब हम रूस की इकोनॉमी को टारगेट करेंगे। उसकी इकोनॉमी को इतना कमजोर कर देंगे कि वो मिलिट्री मॉर्डनाइजेशन तो क्या बहुत जरूरी चीजों के लिए भी तरस जाएगा। पूरे यूरोप में रूसी एसेट्स और बैंक अकाउंट्स फ्रीज किए जा रहे हैं। इस मामले में हम पूरी तरह अमेरिका और अपने दूसरे सहयोगियों की मदद कर रहे हैं।
- रूस ने कहा- हमने यूक्रेन के एयरबेस और एयरडिफेंस को तबाह कर दिया है। पूर्वी यूक्रेन में दो गांवों पर कब्जा भी किया।
- न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन की सेना ने दावा किया है कि उसने लुहांस्क में 5 रूसी एयरक्राफ्ट और एक हेलिकॉप्टर मार गिराया।
- यूक्रेन ने कहा- हम पर तीन तरफ से… रूस, बेलारूस और क्रीमिया बॉर्डर की ओर से हमला हुआ है। लुहांस्क, खारकीव, चेरनीव, सुमी और जेटोमिर इलाकों पर हमले जारी हैं।
- यूक्रेन से भारतीयों को लाने के लिए गई एयर इंडिया की फ्लाइट वापस लौट आई है। फ्लाइट को नोटिस टू एयर मिशन यानी NOTAM भेजा गया था यानी फ्लाइट के दौरान खतरे की आशंका जाहिर की गई थी।
- यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू यानी वहां की कानून-व्यवस्था अब सेना ने अपने हाथ में ले ली है।
- यूक्रेन की राजधानी कीव में कई जगहों पर बम धमाके हुए हैं। कीव एयरपोर्ट को खाली कराया गया।


रूस का दावा- यूक्रेनी शहर निशाना नहीं, सैन्य ठिकाने तबाह कर रहे हैं
यूक्रेन में मिसाइल अटैक और धमाकों के बीच रूस ने बयान जारी किया है। रूस ने कहा कि हमारे निशाने पर यूक्रेन के शहर नहीं है। हमारे हथियार यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, एयरफील्ड, एयर डिफेंस फैसिलिटीज और एविएशन को तबाह कर रहे हैं। यूक्रेन की जनता पर कोई खतरा नहीं है।
UN में लिया जा सकता है रूस के खिलाफ फैसला
पुतिन ने ये ऐलान UNSC की बैठक की बीच किया है। यह बैठक रूस-यूक्रेन तनाव पर ही चल रही है, अब रूस पर कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया जा सकता है। US सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के पूर्व निदेशक डेविड पेट्रियस का कहना है कि कोल्ड वॉर खत्म होने के बाद पुतिन ने NATO को सबसे बड़ा तोहफा दे दिया है। इस खतरे की वजह से NATO फिर से एकजुट हो गया है। पुतिन रूस को महान बनना चाहते है, लेकिन उन्होंने अपनी हरकत से NATO को फिर से महान बना दिया।
यूक्रेन में नेशनल इमरजेंसी की घोषणा
रूसी हमले के मद्देनजर यूक्रेन की संसद ने नेशनल इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। इमरजेंसी के ऐलान के साथ ही यूक्रेन ने अपने 30 लाख लोगों को तुरंत रूस छोड़ने के लिए कहा है। रूस ने बुधवार को यूक्रेनी बैंकों और रक्षा, विदेश, आंतरिक सुरक्षा जैसी अहम वेबसाइट पर साइबर अटैक किया। डिप्टी पीएम फेदोरोव ने कहा रूस को मुंहतोड़ जवाब देंगे।