दिल्ली नगर निगम (MCD) में पिछले 15 साल से काबिज भाजपा का पत्ता साफ हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने यहां भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। स्टेट इलेक्शन कमिशन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, AAP ने 132 सीटें जीत ली हैं। दो सीटों पर वह आगे है। वहीं भाजपा को 104 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को 9 और 3 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत हुई है।
बता दें कि MCD की 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। बहुमत के लिए 126 सीटें चाहिए। आम आदमी पार्टी ने निगम की सत्ता के लिए जरूरी आंकड़ा पार कर लिया है।
दिग्गजों के क्षेत्र में आप पिछड़ी
मनीष सिसोदिया के विधानसभा में 4 सीटें हैं। भाजपा ने 3 पर जीत दर्ज की। आप के खाते में एक ही सीट गई। उधर, जेल में बंद सत्येंद्र जैन के विधानसभा में 3 वार्ड हैं। पार्टी तीनों पर भाजपा से हार गई। अरविंद केजरीवाल के वार्ड नंबर 74 चांदनी चौक से पार्टी के उम्मीदवार पुनर्दीप सिंह ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी को हराया। उधर, आप विधायक अनानतुल्ला के वार्ड नंबर 189 जाकिर नगर से कांग्रेस विजयी हुई।
1. शुरुआत में कभी भाजपा, तो कभी आप आगे रही
सुबह 8 बजे जैसे ही शुरुआती रुझान आए भाजपा और आप में कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दो घंटे में दोनों दलों की सीटों में 10 से 20 सीटों का अंतर रहा। कभी भाजपा आगे तो कभी आप आगे दिखी। फिर सुबह 10.30 बजे के बाद हालात बदले और आप ने भाजपा पर बढ़त बना ली।
2. आप के दफ्तर में सुबह से हलचल, पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न
एग्जिट पोल में AAP की जीत के बाद बुधवार सुबह से ही पार्टी के कार्यालय में गहमा-गहमी शुरू हो गई थी। ऑफिस को पीले और नीले गुब्बारों से सजाया गया है। पिछली बार इन्हें सफेद और नीले कलर के गुब्बारों से सजाया गया था। पर जैसे ही रुझान आते रहे आप के दफ्तर में पहले जश्न, मायूसी फिर जश्न का माहौल दिखा।
3. कांग्रेस का दफ्तर सूना रहा, ताला लगा दिखा
कांग्रेस का दफ्तर सुबह से ही सूना रहा। दफ्तर के गेट पर ताला लगा दिखा।
4. भाजपा कार्यालय में सुबह कोई नेता नहीं पहुंचा
भाजपा कार्यालय में सुबह कोई बड़ा नेता नहीं दिखा। कार्यकर्ता बहुत कम दिखे। एक कार्यकर्ता ने कहा कि एग्जिट पोल में आप की बड़ी जीत दिख रही थी। शायद यह इसका ही असर है, लेकिन हमें विश्वास है कि हम 100 से ज्यादा सीटें लेकर आएंगे। हालांकि, जैसे-जैसे नतीजे आते दिखे ऑफिस में हलचल बढ़ गई।
5. इस बार 3% कम हुआ था मतदान
दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार करीब 50% मतदान हुआ है। 2017 में 53.55% मतदान हुआ था। यानी अब तक के आंकड़ों की तुलना करें तो इस बार 3% तक कम वोटिंग हुई है।