कांग्रेस ने मोदी सरकार पर ‘लोकतंत्र पर हमले’ किए जाने का आरोप और तेज कर दिया है। इसने कहा है कि पहले तो संसद सदस्यों के माइक बंद किये जाते थे लेकिन अब सदन की कार्यवाही को ही ‘म्यूट’ कर दिया गया।
कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा की कार्यवाही के एक छोटे से हिस्से के वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा, ‘पहले माइक बंद होता था, आज सदन की कार्यवाही म्यूट कर दी गई है। पीएम मोदी के दोस्त के लिए सदन म्यूट है।’ इसने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि ‘राहुल जी को बोलने दो…’ के नारे लगते रहे और सदन म्यूट हो गया | इस पर प्रतिक्रिया में कांग्रेस नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है, ‘जनता द्वारा चुने गए सांसदों को संसद में बोलने का अवसर ना देना एवं लोकसभा की कार्यवाही म्यूट करवाना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। यह देशवासियों की आवाज शांत करने का प्रयास है। क्या इसे स्वस्थ लोकतंत्र कहा जा सकता है? इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल जी ने भारत जोड़ो यात्रा की थी।’
राहुल आज लोकसभा पहुँचे थे। ब्रिटेन में अपनी लोकतंत्र संबंधी टिप्पणी के बाद यह लगातार दूसरी बार था। लेकिन उन्हें आज भी बोलने का मौक़ा नहीं मिला। संसद के दोनों सदनों को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इस मुद्दे पर लगातार पांचवें दिन गतिरोध जारी रहा। भाजपा ने राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
अडानी मामले में जेपीसी जाँच की मांग
इधर, कांग्रेस ने अडानी मामले की संयुक्त संसदीय समिति जेपीसी से जाँच कराने की मांग की है। विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, रोहुल गांधी सहित सभी सांसद शामिल हुए।