प्रदेश में पहला जिला जहां एक साथ सभी थानों में किया लागू..
लंबी और थका देने वाली तनाव भरी ड्यूटी से परेशान पुलिसकर्मियों को नए साल में राहत मिली है। जिले में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश के आदेश एसपी ने जारी किए हैं। प्रदेश के नए डीजीपी उमेश मिश्रा के निर्देश के बाद आईजी प्रसन्न कुमार ने भी इस संबंध में आदेश जारी किए थे। पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का पायलट प्रोजेक्ट सबसे पहले अजमेर में शुरू हुआ था। यहां पर इस प्रोजेक्ट के सफल होने पर इसको सभी जिलों में लागू किया जा रहा है। जिले में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश प्रारंभ करने के आदेश एसपी ने दिए हैं। वहीं प्रदेश में पहला जिला है, जहां सभी थानों में यह व्यवस्था एक साथ लागू की है। जिले में 22 पुलिस थाने हैं। वहीं 2200 पुलिसकर्मी बारां में पदस्थ हैं।
ऐसे समझें… थाने में 7 समूह में बांटे जाएंगे 75 पुलिसकर्मी
थाने की नफरी के हिसाब से उचित अनुपात में साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। जैसे मान लीजिए झालावाड़ थाने में 75 पुलिसकर्मी हैं। साप्ताहिक अवकाश के लिए 11-11 पुलिसकर्मियों के 7 समूह बनाए जाएंगे। हर समूह को सप्ताह में एक दिन अवकाश दिया जाएगा।
जहां प्रोजेक्ट सफल हुआ, वहां यह रहा प्लान..
पुलिसकर्मियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश मिलेगा।
थानाधिकारी अपने विवेक से पुलिसकर्मियों की सुविधा के हिसाब से अवकाश का दिन और पुलिसकर्मी का चयन करेंगे।
अवकाश की अवधि सुबह 8 से दूसरे दिन 8 बजे तक रहेगी।
सामान्यतया रात्रि गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों को दूसरे दिन साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। जो स्वीकृत अवकाश के साथ प्रदान नहीं किया जाएगा। रात्रि गश्त में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को अगले दिन 25 घंटे आराम करने की अनुमति दी जाएगी।
संबंधित एसपी कानून व्यवस्था या अतिआवश्यक राजकार्य के चलते साप्ताहिक अवकाश निरस्त कर सकेंगे।