गजनपुरा के समीप पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए 6 करोड़ से तैयार हो रहा इंस्टीट्यूट
जिले में पर्यटन और होटल इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की कवायद की जा रही है। गजनपुरा में केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित फूड एंड क्राफ्ट और होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट बन रहा है। भवन का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही व विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते कॉलेज भवन का निर्माण तय अवधि से तीन साल से अधिक समय बीतने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ है। निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर अगले सत्र से भी यहां पढ़ाई शुरू नहीं हो सकेगी।
इससे युवाओं को इंस्टीट्यूट शुरू होने का इंतजार है। केंद्र सरकार की ओर से साल 2015-16 में बारां में फूड एंड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट (एफसीआई) भवन का निर्माण प्रस्तावित था। करीब 6 करोड़ की लागत से इसका कार्य साल 2017 में शुरू हुआ था। जो ठेकेदार को मार्च 2019 में पूरा करना था। जिला मुख्यालय पर संबधित विभाग के अधिकारी मौजूद नहीं होने के कारण प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सत्र 2023-24 में भी इंस्टीट्यूट में एडमिशन प्रक्रिया व कक्षाएं शुरू नहीं हो सकेंगी।
^ बजट की कमी से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। जल्द ही निर्माण कार्य को पूरा कर फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट व होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट शुरू करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा, यह नहीं बोल सकता। सत्र 2023-24 में इंस्टीट्यूट के एडमिशन प्रक्रिया व पढ़ाई नहीं होगी। संभवतया सत्र 2024-25 में कार्य पूर्ण होने पर यहां एडमिशन प्रक्रिया व पढ़ाई शुरू हो सकेगी। मनीष पांडे, प्रभारी, फूड एंड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, बारां
6 से ज्यादा कोर्स होंगे, ट्रेनिंग दी जाएगी
बारां में फूड एंड क्राफ्ट व होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट शुरू होने से पर्यटन का विकास होगा। युवाओं को बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। सूत्रों के अनुसार यहां करीब 10 हजार स्क्वायर फीट जगह पर एकेडमिक भवन, प्रशासनिक भवन, हॉस्टल, चारदीवारी सहित अन्य निर्माण हो रहा है। फर्नीचर व अन्य उपकरणों के लिए लिए 1 करोड़ रुपए का बजट पास है। केंद्र की टीम ने भवन का निरीक्षण किया था। कई खामियां सामने आने पर उन्हें दुरुस्त किया है। इसमें विद्यार्थियों को होटल मैनेजमेंट, फूड एंड क्राफ्ट से संबधित कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें डेढ़ वर्षीय डिप्लोमा के लिए 40 सीटें व पांच अन्य क्राफ्ट कोर्स के लिए 20-20 सीटें निर्धारित हैं। इनके लिए से 2023-24 में एडमिशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।