राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में आज RBI के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन जुड़े हैं। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे। आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं।
राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।
इधर, यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा, जब यह घटना घटी, उसके 5 दिन बाद सरकार का स्टेटमेंट आया है, लेकिन उसमें कुछ भी नया नहीं है। केंद्र सरकार को चाहिए इस मुद्दे पर विपक्ष को विश्वास में लेकर चर्चा करें।
इस मसले पर पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है, लेकिन बिना पारदर्शिता लाए हम कैसे आगे बढ़ेंगे। सच्चाई के साथ केंद्र सरकार को चर्चा करनी चाहिए। अगर सीमा पर चीन अतिक्रमण करना चाहता है तो उसका मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।
इससे पहले मंगलवार को दौसा में ही राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर लिखे इन स्लोगन को तुरंत मिटाया गया है।
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट
सचिन पायलट ने ERCP प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि केंद्र सरकार अब रेशियो की बात करके भ्रम पैदा कर रही है। इस पूरे मामले में राजनीति कर रही है, जो ठीक नहीं है। केंद्र ने समय रहते इस मामले में कुछ नहीं किया है ,जबकि प्रधानमंत्री मोदी दो बार राजस्थान आकर वादा कर चुके हैं। अब रेशियो की बात करके केंद्र सरकार मामले को फंसा रही है। उन्होंने जो कहा, उस पर कायम रहना चाहिए।
- आज राहुल की यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोती से शुरू हुई थी। सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंची। टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक था। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू होगा। शाम 6:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का लास्ट पॉइंट है। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई है। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया है।
- राहुल गांधी की राजस्थान में यात्रा का आज 10वां दिन है। 19 दिसंबर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका है।
- राहुल गांधी की यात्रा अब सचिन पायलट के प्रभाव वाले इलाकों से गुजर रही है। यात्रा में पायलट समर्थकों की संख्या भी बढ़ने लगी है। यात्रा के दौरान पायलट समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी करते देखे—सुने जा सकते हैं।
- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद सप्ताह लंबा ब्रेक आएगा। 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक यात्रा का ब्रेक रहेगा। यात्रा के ब्रेक वाले दिनों में राहुल गांधी लोकसभा में जा सकते हैं।