राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने एक बार फिर आरसीए अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है। वोटों का गुणा गणित और अन्य समीकरण देखते हुए माना जा रहा है कि आरसीए अध्यक्ष पद पर वैभव गहलोत की दूसरी पारी तय मानी जा रही थी, लेकिन जोशी गुट में बगावत से अब उनकी राह आसान नहीं है।
उधर, वैभव गहलोत के खिलाफ राजेंद्र सिंह नांदू गुट की ओर से भी नामांकन दाखिल किए गए। इस गुट ने सीपी जोशी गुट के खिलाफ सभी 6 पदों पर अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है। सबसे चौंकाने वाला रहा है सीपी जोशी गुट के गिरिराज सनाढ्य का वैभव के खिलाफ नामांकन दाखिल करना।
उधर, मंगलवार को वह अपनी बेटी के साथ जयपुर में एसएमएस स्टेडियम स्थित एसोसिएशन के दफ्तर पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने अपनी 3 साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, ‘राजस्थान में फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट मैच का आयोजन होने लगा है। जल्द ही दो नए स्टेडियम राजस्थान को मिल जाएंगे। इससे यहां के खिलाड़ियों को और बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा। मुझे उम्मीद है कि सभी जिला संघ मिलकर राजस्थान के क्रिकेट को बढ़ाने में हमारा साथ देंगे।’
नांदू ग्रुप से इन्होंने किया नामांकन
आरसीए चुनाव में राजेंद्र सिंह नांदू ग्रुप से अध्यक्ष पद पर मुकेश शाह, उपाध्यक्ष पर मुकेश शाह, कोषाध्यक्ष पर विनोद सारण, एग्जीक्यूटिव मेंबर पर अरुण सिंह, संयुक्त सचिव पर शत्रुघ्न तिवारी और सचिव पद पर आरएस नांदू ने नामांकन किया है।
जोशी गुट में बगावत ने खेल बिगाड़ा
सीपी जोशी गुट के गिरिराज सनाढ्य ने वैभव गहलोत के खिलाफ अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल किया है। बता दें कि पिछले दिनों सनाढ्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया। वहीं, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की वोटर लिस्ट में भी राजसमंद से सनाढ्य को ही सचिव माना गया था।
RCA में अब त्रिकोणीय मुकाबला
राजसमंद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव गिरिराज सनाढ्य के नामांकन दाखिल करने के बाद वैभव गुट की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वैभव गहलोत भी राजसमंद क्रिकेट एसोसिएशन से ही कोषाध्यक्ष पद पर काबिज हैं। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी भी राजसमंद क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। ऐसे में सीपी जोशी गुट की बगावत अब राजेंद्र सिंह गुट के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
हालांकि वैभव गहलोत गुट की ओर से गिरिराज सनाढ्य का नामांकन वापस लेने के लिए मान मनुहार का दौर शुरू कर दिया गया है। बता दें कि गिरिराज सनाढ्य के पास कई जिला संघों का समर्थन है। ऐसे में उनके अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने से आरसीए चुनाव अब रोचक और त्रिकोणीय संघर्ष में तब्दील हो गया है।
इनके बीच मुकाबला
पद | वैभव गुट | नांदू गुट | दोनों गुटों से अलग |
अध्यक्ष | वैभव गहलोत | मुकेश शाह | गिरिराज सनाढ्य |
उपाध्यक्ष | रतन सिंह, शक्ति सिंह | मुकेश शाह | – |
सचिव | भवानी सामोता | राजेन्द्र सिंह नांदू | – |
कोषाध्यक्ष | रामपाल शर्मा | विनोद सहारण | – |
संयुक्त सचिव | राजेश भड़ाना | शत्रुघ्न तिवाड़ी, अरूण सिंह | – |
कार्यकारिणी सदस्य | फारूख अहमद | अरुण सिंह | – |
RCA चुनावी कार्यक्रम इस प्रकार से है..
19 दिसंबर | मतदाता सूची जारी |
20 दिसंबर | नामांकन दाखिल |
21 दिसंबर | नामांकन पत्रों की जांच |
22 दिसंबर | योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी |
23 दिसंबर | नामांकन वापसी |
24 दिसंबर | वोटिंग और मतगणना |
दरअसल, 29 सितंबर को हाईकोर्ट ने RCA चुनाव अधिकारी की नियुक्ति को लेकर वोटिंग से पहले ही चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। इसके बाद RCA चुनाव अधिकारी बनाए गए रिटायर्ड IAS रामलुभाया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे लेकर 4 जिला क्रिकेट संघों और उनके सचिवों ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। इसके बाद मौजूदा RCA कार्यकारिणी ने देश के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त रहे सुनील अरोड़ा को RCA चुनाव अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही कोर्ट में इस पूरी प्रक्रिया के दस्तावेज पेश किए। इसके बाद 22 नवंबर को कोर्ट ने चुनाव प्रक्रिया से रोक हटाकर ने सिरे से RCA को चुनाव कराने का अधिकार दिया है।
6 पदों के लिए होगा चुनाव
RCA कार्यकारिणी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्य पद के कुछ 6 पदों के लिए चुनाव होंगे। इसके लिए 6 दिन का चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया है। इसमें सबसे पहले वोटर लिस्ट जारी की गई है। जिसपर आपत्ति आने पर सुनवाई के बाद नामांकन दाखिल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके बाद नामांकन वापसी के लिए उम्मीदवारों को वक्त दिया जाएगा। वहीं, चुनाव अधिकारी द्वारा उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद वोटिंग और काउंटिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
RCA चुनाव की मौजूदा वोटर्स की लिस्ट
अजमेर से राजेश भडाना, अलवर से पवन गोयल, बांसवाड़ा से मनीष देव जोशी, बारां से अभिनव जैन, बाड़मेर से देवाराम चौधरी, भरतपुर से शत्रुघ्न तिवाड़ी, भीलवाड़ा से रामपाल शर्मा, बीकानेर से रतन सिंह, बूंदी से राजकुमार माथुर, चित्तौड़गढ़ से शक्ति सिंह, चुरू से सुशील शर्मा, दौसा से प्रदीप नागर, धौलपुर से सोमेंद्र तिवाड़ी, डूंगरपुर से सुशील जैन, हनुमानगढ़ से मनीष धारनिया, जयपुर से अमितराज, जैसलमेर से विमल शर्मा, जालौर से सतीश व्यास, झालावाड़ से फारुख, झुंझुनूं से राजेंद्र राठौड़, जोधपुर से शैतान सिंह, करौली से शिवचरण माली, कोटा से अमीन पठान, नागौर से राजेंद्र नांदु, पाली से धर्मवीर, प्रतापगढ़ से चंद्रेश आंजना, राजसमंद से गिरिराज सनाढ्य, सवाई माधोपुर से सुमित गर्ग, सीकर से सुभाष जोशी , सिरोही से संयम लोढा, श्रीगंगानगर से विनोद सहारण, टोंक से विवेक व्यास और उदयपुर से महेंद्र शर्मा के नाम के साथ ही तीन पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में सलीम दुर्रानी, गगन खोड़ा और पंकज सिंह शामिल 30 सितंबर को वोट दे सकेंगे। राजसमंद से सचिव रहे गिरिराज सनाढ्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में उनके वोट को लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है।