राजस्थान में चरम पर चल रही आपसी खींचतान के बीच राजस्थान में यूथ कांग्रेस के चुनाव परिणाम आ गए हैं। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से अभिमन्यु पूनिया, सुधींद्र मूंड और यशवीर सूरा टॉप-3 दावेदारों के रूप में सामने आए हैं। यूथ कांग्रेस के वोटों की गिनती में बड़ी संख्या में वोट खारिज भी हुए। इसी का असर रहा कि प्रत्याशियों को दावों के मुकाबले काफी कम वोट मिले।
वोटिंग की बात करें तो सबसे ज्यादा 2,30,079 वोट अभिमन्यू पूनिया को मिले हैं। वहीं उनके बाद दूसरे नम्बर पर सुधींद्र मूंड हैं। उन्होंने 197385 वोट हासिल किए। तीसरे नम्बर पर यशवीर सूरा रहे, जिन्हें 159640 वोट मिले। इन तीनों दावेदारों के बीच से ही यूथ कांग्रेस को राजस्थान में नया अध्यक्ष मिलेगा।
वोटों पर गौर करें तो अभिमन्यू पूनिया ने अन्य दावेदारों के मुकाबले अच्छी लीड हासिल की है। पूनिया के बाद दूसरे नम्बर पर वोट हासिल करने वाले सुधींद्र मूंड के बीच लगभग 33 हजार का अंतर है। वहीं मूंड और तीसरे नम्बर पर रहे यशवीर सूरा के बीच लगभग 37 हजार वोटों का अंतर है।
यूथ कांग्रेस के वोटों की गिनती के परिणाम आने के बाद इसपर विवाद शुरू हो गया है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के लिए टॉप-4 दावेदारों में रहे सतवीर चौधरी ने रिजल्ट पर सवाल खड़ा किया है। उनका कहना है कि जो चुनाव परिणाम आया है वह अप्रत्याशित है। जो वोट जमा कराए थे उसमें रिजेक्शन का प्रतिशत 70-80 प्रतिशत है। जबकि दूसरे प्रत्याशियों का रिजेक्शन 30 प्रतिशत है। इससे लगता है कि वोटों के रिजेक्शन में छेड़छाड़ हुई है। पिछले चुनाव में भी एप से छेड़छाड़ हुई थी। इसको लेकर हम चुनाव आयोग में अपील कर रहे हैं।
हमने लगभग 4 लाख वोट करवाए उसमें 75 प्रतिशत तक रिजेक्शन हो गया। वहीं दूसरी ओर जिन्होंने लगभग 3.5 लाख वोट जमा करवाए उनका रिजेक्शन 30 प्रतिशत ही है। यूथ कांग्रेस के लिए 20 लाख से ज्यादा वोट डाले गए थे। उनमें से 7.70 लाख वोट ही काउंट किए गए हैं। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष के लिए जो दावेदार थे। उनमें से 3 प्रमुख दावेदार जाट और एक विश्नोई समाज से थे।