24/09/2023
देश धार्मिक राजस्थान

दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव पर बवाल

14 गिरफ्तार, DCP बोलीं- सब इंस्पेक्टर को गोली लगी; जामा मस्जिद के पास बहस के बाद हुई हिंसा

दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव के साथ फायरिंग भी हुई थी। DCP नॉर्थ वेस्ट ऊषा रंगनानी ने बताया कि हिंसा में आठ पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुए हैं। एक सब इंस्पेक्टर को दंगाइयों की गोली लगी है। वे अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार है।

उन्होंने कहा- उपद्रवियों ने यहां आगजनी भी की। तलवार और गोलियां भी चलीं। इस मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले 9 लोग पकड़े गए, फिर 5 लोगों को अरेस्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक, इलाके में तनाव है, लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया है। वहां RAF की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। दिल्ली के तमाम संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात है और यहां हाई अलर्ट है।

इलाके में नाइट विजन ड्रोन से निगरानी की गई। स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने शनिवार देर रात बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पाठक ने कहा कि स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। माहौल अब शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं।

पुलिस की टीम ने इलाके के कई वीडियो फुटेज हासिल कर लिए हैं। इनमें कुछ लोगों की पहचान भी हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि दोषियों से सख्ती से निपटा जाएगा। दिल्ली पुलिस ने उपद्रव की जांच के लिए 10 टीमें गठित की है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

जामा मस्जिद के पास बहस से शुरू हुआ विवाद
जहागीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इसके अनुसार जामा मस्जिद के पास हुई मामूली बहस ने हिंसा का रूप धारण कर लिया था। कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया और शोभा यात्रा में भगदड़ मच गई।

कैसे हुई घटना
जहांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शाम करीब 5:30 बजे शोभायात्रा पर अचानक पथराव हुआ। इसके बाद दो गुटों में झड़प हो गई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी इसकी चपेट में आ गई।

दिल्ली पुलिस के PRO अन्येश राय ने कहा- यह एक पारंपरिक शोभायात्रा थी जो हर साल निकलती है। यात्रा के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना के बाद कई थानों से एडिशनल पुलिस फोर्स बुलाई गई है। रैपिड एक्शन फोर्स ने इलाके में मार्च किया है।

उपद्रव में पुलिसकर्मी भी हुए घायल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, घटना में एक सब इंस्पेक्टर समेत 6 पुलिसकर्मी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं। कुछ वीडियो फुटेज सामने आए हैं। इनमें ज्यादातर पुलिसकर्मी घायल नजर आ रहे हैं।

दिल्ली में हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राज्य में पुलिस प्रशासन को कड़ी ​​​​​​सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में भी शनिवार रात पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार भी इसमें शामिल रहे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में घटना के बाद लोगों के मन में सुरक्षा का माहौल पैदा करने के लिए मार्च किया गया।

Related posts

कोटा रोड पर शिव मंदिर का विधायक मेघवाल ने किया भूमि पूजन, जन सहयोग से बनेगा भव्य मंदिर

Such Tak

कई स्थानों पर तो वर्षों से वहां रह रहे स्थाई निवासियों के नाम भी नई सूची से गायब,सरकार एवं प्रशासन पर आरोप लगाया की मतदाता सूचियों में की गई गड़बड़ी:राजेंद्र जार

Web1Tech Team

जिला परिषद एवं नगर परिषद, नगर पंचायतों में चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा की.

Web1Tech Team